जमशेदपुर : गिरिडीह जिले के तिसरी क्षेत्रीय कार्यालय में सोमवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब किसान जनता दल के कार्यकर्ताओं ने रजिस्टर टू की प्रमाणित प्रति की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन छेड़ दिया। इस दौरान अधिकारियों से विवाद होने पर मामला हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय परिसर में पथराव किया और अंचलाधिकारी की गाड़ी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। साथ ही, कई वाहनों को क्षति पहुंचाई गई।

घटना में थाना प्रभारी रंजय कुमार, एक महिला सुरक्षाकर्मी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। आंदोलनकारी पक्ष के नेता भी चोटिल हुए हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और कड़ी निगरानी रखी जा रही है। कई दिनों से चल रहे प्रदर्शन के 17वें दिन यह झड़प उस समय हुई जब अधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शनकारियों ने उन्हें कार्यालय में जाने से रोका। इसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई और हिंसा भड़क उठी। प्रशासन का कहना है कि आंदोलनकारियों ने जानबूझकर उपद्रव किया, वहीं आंदोलनकारी प्रशासन पर शांतिपूर्ण विरोध को कुचलने का आरोप लगा रहे हैं। एसडीपीओ ने बताया कि जांच जारी है और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




