जमशेदपुर : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय जमशेदपुर के तत्वावधान में जे.आर.डी. टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 13-14 दिसंबर को पूर्वी क्षेत्र कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ओडिशा, पश्चिम बंगाल, नॉर्थ-ईस्ट, बिहार और झारखंड की टीमों ने भाग लिया। इस रोमांचक टूर्नामेंट में ओडिशा ने विजेता का खिताब जीता, जबकि पश्चिम बंगाल उप-विजेता रही। प्रतियोगिता का उद्घाटन सुश्री विभूति डांड अधेसरा, जे.आर.डी. टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की अधिकारी द्वारा किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेलों में अनुशासन और मेहनत सफलता की कुंजी है।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. हसन इमाम मलिक, इंटरनेशनल हैंडबॉल कोच और टाटा स्टील के हेल्थ एंड वेलनेस डिवीजन के कार्यकारी अधिकारी रहे। उन्होंने खिलाड़ियों और आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि टाटा का योगदान देश के खेल और संस्कृति को बढ़ावा देने में अमूल्य है। इस आयोजन की सफलता में जे.आर.डी. टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अथॉरिटी और क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त श्री शशि भूषण कुमार का विशेष योगदान रहा। सभी टीमों ने शानदार खेल भावना का प्रदर्शन किया, जिससे यह आयोजन खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए यादगार बन गया।




