Saraikela (संजीव मेहता) : जिला शिक्षा विभाग की ओर से कल 12 अगस्त को सरायकेला में जिला स्तरीय नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता 2025 का आयोजन किया जाएगा. यह प्रतियोगिता सरायकेला के इंडोर स्टेडियम गेस्ट हाउस परिसर में आयोजित होगी. आयोजन को सफल बनाने के लिए विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.

जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों की चयनित टीमें भाग लेंगी. खिलाड़ियों के खानपान और खेल सामग्री की व्यवस्था जिला स्तर पर की गई है. आयोजन स्थल पर सुरक्षा और चिकित्सीय सहायता की भी विशेष व्यवस्था रहेगी, ताकि प्रतियोगिता सुचारू रूप से संपन्न हो सके. जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उभरते खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपने खेल कौशल को प्रदर्शित कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँच सकें. प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे. आयोजन के दिन उद्घाटन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी, खेलप्रेमी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में दर्शकों के शामिल होने की संभावना है. जिला शिक्षा विभाग ने सभी खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है.




