हज़ारीबाग़ : हज़ारीबाग़ जिले के चुरचू प्रखंड के गोंदवार गांव में गुरुवार की आधी रात एक दिल दहला देने वाली त्रासदी सामने आई। अंगो थाना क्षेत्र में रात लगभग एक से डेढ़ बजे के बीच पांच जंगली हाथी बस्ती में आ घुसे। ग्रामीण गहरी नींद में थे, तभी हाथियों ने एक मकान का दरवाज़ा तोड़कर भीतर सो रहे लोगों पर हमला कर दिया।
इस भयावह हमले में सुमन कुमारी (26), धनेश्वर राम (52), सूरज राम (50), सविता देवी (25), एक वर्षीय अनुराग राम और तीन वर्षीय संजना कुमारी की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह झुंड पिछले एक महीने से आसपास के क्षेत्रों में घूम रहा था।

चेतावनियां जारी होने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं हो सकी। पूर्वी वन प्रमंडल के डीएफओ विकास कुमार उज्ज्वल ने पुष्टि की कि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी। क्षेत्र में मानव-हाथी संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है। रामगढ़ और गोमिया इलाकों में भी हालिया समय में ऐसे हमलों में कई लोग जान गंवा चुके हैं, जिससे सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।




