
सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 20 स्थित श्रीनाथ ग्लोबल विलेज में पानी की घोर किल्लत हो गई है. रविवार को सोसाइटी वासियों के सब्र का बांध उस वक्त टूट गया जब बिल्डर द्वारा एक महीने में पानी का बिल 8 लाख का थमा दिया गया. इससे सोसायटी वासियों ने बिल्डर और नगर निगम के खिलाफ आक्रोश जताया है. बता दें कि श्रीनाथ ग्लोबल विलेज एक बड़ी रिहायशी सोसायटी है. यहां किरीब तीन सौ फ्लैट और डुप्लेक्स हैं. पिछले तीन महीने से यहां पानी की घोर किल्लत है. नगर निगम की ओर से टैंकर से जलापूर्ति कराया जा रहा है मगर वो नाकाफी है. इसको देखते हुए बिल्डर ने प्राइवेट टैंकर से जलापूर्ति करना शुरू किया. इसके एवज में एक महीने का बिल 8 लाख का थमा दिया, यानी प्रति परिवार औसतन 2100 रुपए देने को कहा. इससे सोसायटीवासी आक्रोशित हो उठे और बिल्डर और नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सोसायटी वासियों ने बताया कि वे लोग 50-50 लाख देकर फ्लैट खरीदा और पानी के नाम पर बिल्डर मनमानी कर रहा है. इतनी बड़ी सोसायटी में पानी की समस्या होगी तो हम कहां जाएंगे. वहीं नगर निगम भी हमें पानी दे पाने में असमर्थ है. हमें मजबूरन पानी प्राइवेट से खरीदना पड़ रहा है जिसके एवज में भारी-भरकम बिल के लिए बिल्डर दबाव बना रहा है।




