जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने करोड़ों रुपये की साइबर ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक एनजीओ को सीएसआर (CSR) फंड दिलाने का झांसा देकर करीब 3 करोड़ रुपये के लेन-देन को अंजाम दिया था। यह मामला जमशेदपुर साइबर थाना कांड संख्या 52/2026 से जुड़ा है।
पीड़िता रीना पाण्डेय की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, उनकी संस्था होप-हेल्प फॉर ऑल फाउंडेशन को सीएसआर फंड दिलाने का लालच देकर एक्सिस बैंक में करंट अकाउंट खुलवाया गया। सत्यापन के नाम पर चेक बुक और सिम कार्ड अपने कब्जे में लेकर महज पांच दिनों के भीतर खाते से करीब 3 करोड़ रुपये की जमा और निकासी कर ली गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस पूरे साइबर गिरोह का मास्टरमाइंड अमन कुमार सिंह उर्फ रघु है। आरोपी ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर दिसंबर 2025 में लखनऊ ले जाकर अपने अन्य साथियों के साथ इस ठगी को अंजाम दिया।

इतना ही नहीं, उसने पहले ही पीड़िता की ई-मेल आईडी और इंटरनेट बैंकिंग का एक्सेस भी अपने मोबाइल में ले लिया था। पुलिस ने आरोपी अमन कुमार सिंह उर्फ रघु को गिरफ्तार कर लिया है। वह उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले का मूल निवासी है और फिलहाल सरायकेला-खरसावां जिले में रह रहा था। उसके पास से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। फिलहाल जमशेदपुर पुलिस पूरे साइबर नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।






