पुरी : पुरी में भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथ यात्रा का भव्य आयोजन शुक्रवार से आरंभ हो रहा है, जो 12 दिनों तक चलेगा। इस पर्व में भाग लेने के लिए देश-विदेश से असंख्य श्रद्धालु पुरी पहुंच चुके हैं। अत्यधिक भीड़ को देखते हुए पहले दिन के कार्यक्रम तय समय से पहले प्रारंभ किए जाएंगे। सिंहद्वार अलसुबह ब्रह्ममुहूर्त से पूर्व खोल दिया जाएगा और फिर महाप्रभु को जगाने की विधि लगभग डेढ़ घंटे तक चलेगी।

भगवान जगन्नाथ 11 जून को स्नान पूर्णिमा के बाद से अस्वस्थ थे और उन्हें 15 दिनों तक विश्राम दिया गया था, इस दौरान मंदिर के पट दर्शनार्थियों के लिए बंद थे। अब पुनः आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की अनुमति मिलेगी। तड़के 6 बजे मंगला आरती सहित अन्य पूजा क्रियाएं संपन्न होंगी, इसके पश्चात रथ की तैयारियां शुरू होंगी। प्रातः 9:30 बजे से पहंडी की रस्म शुरू होगी, जिसमें दैतापति सेवक भगवान को रथ तक लाते हैं। दोपहर तक बड़ा श्रृंगार होता है, जिसमें पारंपरिक अलंकरण किए जाते हैं। गजपति महाराज स्वर्ण झाड़ू से रथ की सफाई कर यात्रा की विधिवत शुरुआत करेंगे। शाम चार बजे तीनों रथ नगर भ्रमण पर निकलेंगे। सुरक्षा हेतु 10,000 सुरक्षाकर्मी और अत्याधुनिक कैमरे तैनात हैं।




