
रांची : भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा आज से प्रारंभ हो रही है। यह यात्रा प्रत्येक वर्ष आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि से शुरू होती है और दशमी तिथि तक भगवान जगन्नाथ आम जनता के बीच रहते हैं। आज रांची के जगन्नाथपुर पुरी में दोपहर बाद रथयात्रा निकाली जाएगी। भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलराम और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर मौसीबाड़ी जाएंगे। प्रभु का रथ पांच बजे मुख्य मंदिर परिसर से रवाना होगा और शाम छह बजे मौसीबाड़ी पहुंचेगा। पौने सात बजे तक महिलाएं रथ पर चढ़कर प्रभु का दर्शन-पूजन कर सकेंगी। सात बजे भगवान का मौसीबाड़ी में प्रवेश होगा और रात आठ बजे आरती के बाद पट बंद हो जाएगा। हरिशयनी एकादशी को, जो इस साल 17 जुलाई को है, घुरती रथ यात्रा के साथ भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा संग वापस मुख्य मंदिर लौट आएंगे।
श्रद्धालु उमंग और उत्साह के साथ अपने इष्ट को रथारूढ़ कर रथ का रस्सा खींचते हुए मुख्य मंदिर लाएंगे। इसी के साथ नौ दिन की ऐतिहासिक रथ यात्रा मेला समाप्त हो जाएगा। रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का जोश और भगवान जगन्नाथ के प्रति उनकी श्रद्धा देखने लायक होगी। पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाएगा और चारों ओर श्रद्धा और आस्था का माहौल रहेगा।





