
रांची : बिशुनपुरा, गढ़वा प्रशासन ने जतपुरा बांकी नदी से अवैध बालू खनन और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बिशुनपुरा अंचलाधिकारी संदीप मद्धेशिया के नेतृत्व में जतपुरा गांव के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई, जहां बड़ी मात्रा में अवैध बालू का भंडारण पाया गया। इस छापेमारी के दौरान सत्येंद्र यादव और महेन्द्र यादव के पास से 3000 सीएफटी, अजय यादव के पास से 1000 सीएफटी, जितेन्द्र यादव और अनिल यादव के पास से 2000 सीएफटी, शिवपूजन यादव के पास से 2000 सीएफटी, लालमण यादव के पास से 2000 सीएफटी और सुदामा प्रजापति के घर के पीछे 1000 सीएफटी अवैध बालू का भंडारण पाया गया।अवैध बालू भंडारण के खिलाफ अंचलाधिकारी ने इन सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। बिशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि अंचलाधिकारी संदीप मद्धेशिया के लिखित आवेदन के आधार पर बिशुनपुरा थाना कांड संख्या 25/24 धारा 379/414 भा. द. वी. 54(1) JMCR, 21 MM (DR) एक्ट 7,13 J.M.D. एक्ट 2017 के तहत ज्ञात और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कुल 15000 सीएफटी अवैध बालू भंडारण के मामले में कानूनी कार्रवाई की गई है, जो जतपुरा गांव के निवासी हैं। इस कदम से अवैध खनन और भंडारण को रोकने में प्रशासन की सख्ती का संदेश मिलता है। बिशुनपुरा प्रशासन ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह कड़ा कदम उठाया है ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और प्राकृतिक संसाधनों का सही ढंग से उपयोग हो सके।






