जामताड़ा : जामताड़ा में प्रशासन द्वारा जेबीसी प्लस टू विद्यालय से सुभाष चौक तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से दर्जनों स्थानीय दुकानदारों की रोज़ी-रोटी छिन गई है। दुकानदारों का आरोप है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए दुकानें तोड़ी गईं, जिससे भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसको लेकर दुकानदारों ने एसडीओ कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर वैकल्पिक स्थान या मुआवजा की मांग की।

पूर्व मुखिया गुल मोहम्मद और दुकानदार माणिक राउत सहित अन्य ने कहा कि वर्षों से दुकान चला रहे लोगों को अचानक उजाड़ दिया गया। वहीं, दुकानदारों ने झामुमो नगर अध्यक्ष किशोर रवानी पर हर महीने ₹1000 की वसूली का आरोप लगाते हुए मांग पत्र सौंपा। दुकानदारों का कहना है कि पैसे नहीं देने पर उनके खिलाफ प्रशासन से कार्रवाई कराई गई। आरोप यह भी लगाया गया कि कार्रवाई एक राजनीतिक व्यक्ति के दबाव में हुई, न कि किसी निष्पक्ष जांच के आधार पर। प्रभावित दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समाधान नहीं निकाला, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।



