रांची: 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग गुप्ता को झारखंड का नियमित पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति दो वर्षों के लिए होगी, जो 26 जुलाई 2024 से प्रभावी होगी। राज्य सरकार जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर सकती है। वर्तमान में अनुराग गुप्ता झारखंड पुलिस के प्रभारी डीजीपी के रूप में कार्यरत हैं। साथ ही, वह सीआईडी के डीजी और एसीबी के डीजी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं। उन्हें 2022 में डीजी रैंक पर पदोन्नति दी गई थी, जिसके बाद उन्होंने डीजी ट्रेनिंग के रूप में कार्यभार संभाला था। इससे पहले, विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग ने उन्हें प्रभारी डीजीपी पद से हटाने का निर्देश दिया था और अजय सिंह को डीजीपी नियुक्त किया गया था। हालांकि, 28 नवंबर को सरकार ने पुनः उन्हें झारखंड पुलिस का प्रभारी डीजीपी बना दिया।

अपने करियर में अनुराग गुप्ता ने कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। गढ़वा, गिरिडीह, हजारीबाग में बतौर एसपी और रांची के एसएसपी के रूप में उन्होंने कई सराहनीय कार्य किए। बिहार के एकीकृत राज्यकाल में भी उनकी सेवा उल्लेखनीय रही, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रपति का वीरता पुरस्कार मिला था। डीआईजी बनने के बाद उन्होंने बोकारो रेंज में लंबे समय तक अपनी भूमिका निभाई और बाद में सीआईडी आईजी तथा एडीजी स्पेशल ब्रांच जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। राज्य सरकार ने हाल ही में डीजीपी नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव किया है। अब यूपीएससी के बजाय राज्य सरकार सीधे अधिकारियों के चयन की प्रक्रिया पूरी करेगी, जिससे समय की बचत होगी।




