सरायकेला: नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक रूप से तैयारी पूरी कर ली गई है और पुलिस बल पूरी तरह तैयार है। थाना क्षेत्र में विशेष एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या असामाजिक तत्वों की गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा, पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी, संगठित अपराध और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस का उद्देश्य है कि चुनाव भयमुक्त वातावरण में शांतिपूर्ण संपन्न करना है, ताकि मतदाता बिना किसी दबाव या डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि, अवैध कार्य या माहौल बिगाड़ने की कोशिश दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। “हर सूचना पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनता का सहयोग ही शांतिपूर्ण चुनाव की सबसे बड़ी ताकत है,” उन्होंने कहा। पुलिस प्रशासन का दावा है कि आदित्यपुर क्षेत्र में हर हाल में शांति और कानून-व्यवस्था कायम रखी जाएगी, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।




