
सरायकेला : मंगलवार को एक अनियंत्रित हाइवा ने कांड्रा सरायकेला मुख्य मार्ग पर बाइक से न्यूज़ कवरेज को जा रहे वरिष्ठ पत्रकार शेख अलाउद्दीन का रौंद दिया. जिससे उनका निधन हो गया है. वे इस सड़क दुर्घटना में अपनी दोनों पैर गंवा चुके थे. उन्हें आनन फानन में स्थानीय लोगों ने सरायकेला से टीएमएच अस्पताल पहुंचाया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस बात से जिले के पत्रकारों में मायूसी छा गई है. इस दुर्घटना पर जिले के डीसी रवि शंकर शुक्ला ने गहरी संवेदना व्यक्त किया है. वहीं प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला- खरसावां के अध्यक्ष मनमोहन सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे एक बड़ी क्षति बताया. बता दें कि मंगलवार को दोपहर लगभग 12:00 के आसपास रिपोर्टिंग के लिए निकले वरिष्ठ पत्रकार अलाउद्दीन बैगनबाड़ी के समीप सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. बताया जा रहा है कि फ्लाई ऐश लदे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे. स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें टीएमएच अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई है.
बता दे कि लगभग 25 वर्षों से सरायकेला जिले में वे पत्रकारिता करते थे. इस दौरान उन्होंने कई बड़े मीडिया संस्थानों में भी अपनी सेवा दी है. वर्तमान में वे चमकता आईना/ इस्पात मेल के लिए काम कर रहे थे. स्वर्गीय अलाउद्दीन अपने पीछे तीन पुत्र- पुत्रवधू सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके निधन पर जिले भर के पत्रकार के साथ राजनेता और समाजसेवियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।




