
रांची: झारखंड पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में पुलिस महानिदेशक अजय सिंह की अध्यक्षता में मुहर्रम के अवसर पर राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा हेतु बैठक की गई। इस बैठक में राज्य के सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, क्षेत्रीय पुलिस उप महानिरीक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। बैठक के दौरान मुहर्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस महानिदेशक अजय सिंह ने संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती पर जोर दिया और विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। मुहर्रम के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। ताकि अफवाहें न फैलें। अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई करने और मेडिकल टीम की पुख्ता व्यवस्था का भी निर्देश दिया गया।
सभी पुलिस कर्मियों को जुलूस के दौरान बॉडी प्रोट्रेक्टर और अन्य दंगा नियंत्रण उपकरण साथ में लेकर चलने के निर्देश दिए गए। धार्मिक स्थलों और चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखने और जुलूस रूट का आपसी समन्वय से भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। वही खुफिया विभाग भी चौकसी और निगाहें बनाए हुए हैं।




