
सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर के समय कंस्ट्रक्शन की सनराइज प्वाइंट प्रोजेक्ट निर्माण में एक नया विवाद सामने आया है। समय कंस्ट्रक्शन बिल्डर पर 55 डिसमिल जमीन पर कब्जा करने आरोप लगा है। मंगलवार को जब मापी के लिए अंचल की टीम पहुंची तो बिल्डर ने विरोध कर अंचल कर्मियों को बगैर जांच किए बैरंग लौटा दिया है। बता दें कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र के हरिओम नगर में निर्माधीन समय कंस्ट्रक्शन का प्रोजेक्ट सनराइज प्वाइंट शुरू से ही विवाद में है।अन नया विवाद दो बिल्डरों के बीच सामने आया है। समय कंस्ट्रक्शन बिल्डर पर हेवेन प्रोजेक्ट के बिल्डर आरके सिन्हा की जमीन पर कब्जा कर वहां अवैध निर्माण का आरोप लगा है। मंगलवार को यहां जमीन की मापी करने आए अंचल के कर्मचारियों से बिल्डर के लोगो ने धक्का मुक्की करते हुए मापी का काम नहीं करने दिया। जानकारी के अनुसार जयप्रकाश उद्यान निवासी बिल्डर रविंद्र कुमार सिन्हा की 55 डिसमिल जमीन को समय कंस्ट्रक्शन बिल्डर जबरन अपने प्रोजेक्ट में मिलाकर यहां निर्माण काम कर रहा है। जिसकी शिकायत आदित्यपुर पुलिस से की गई है. इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों को मापी करवाकर मामले का हल निकालने को कहा था। इसी आलोक में रविंद्र सिन्हा गम्हरिया अंचल में आवेदन देकर अपनी जमीन की मापी की मांग की थी। जिसपर मंगलवार को अंचलाधिकारी कमल किशोर सिंह के आदेश के बाद यहां अंचल के अमीन और अन्य कर्मचारी मापी करने पहुंचे थे, लेकिन पहले से मौके पर मौजूद बिल्डर के लोगो ने मापी का विरोध करना शुरू कर दिया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद आदित्यपुर थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह दलबल के साथ पहुंचे और बिल्डर को समझाने का भी प्रयास किया लेकिन बिल्डर मापी नहीं होने देने को लेकर अड़े रहे। जिसके बाद बगैर मापी किए अंचल के कर्मचारी बैरंग लौट गए। बता दें कि इस जमीन पर पूर्व में गौरी गौतम कंस्ट्रक्शन ने भूमि पूजन किया था। जो निर्माण नहीं करा सके तो सोसायटी के लोगों ने समय कंस्ट्रक्शन को यह प्रोजेक्ट सौंपा है।





