जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान अमन सिंह के रूप में हुई है। घायल ने आरोप लगाया है कि कुछ युवकों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले पत्थर से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।
अमन सिंह का कहना है कि हमलावर अपने साथ चापड़ (धारदार हथियार) भी लेकर आए थे और उस पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। उसने बताया कि उसकी किसी से कोई पुरानी दुश्मनी या विवाद नहीं था, फिर भी उसे निशाना बनाया गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। घायल के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शुरुआती जांच के बाद ही हमले के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।






