जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के सिंधु रोड निवासी बदल कुमार कुंडू ने बैंक ऑफ बड़ौदा की गोलमुरी शाखा के शाखा प्रबंधक एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों पर करीब 40 लाख रुपये के निवेश में धोखाधड़ी और गबन का आरोप लगाते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। बादल कुमार कुंडू ने बताया किवर्ष 2020 में बैंक अधिकारियों ने उन्हें म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए प्रेरित किया।
विश्वास में आकर उन्होंने वर्ष 2020 से अब तक लगभग 40 लाख रुपये का निवेश किया। पीड़ित का आरोप है कि जब मकान निर्माण के लिए राशि निकालने बैंक पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनकी दो पॉलिसियों में केवल 8 लाख रुपये ही उपलब्ध हैं। बदल कुमार कुंडू का कहना है कि इस संबंध में शाखा प्रबंधक से जानकारी मांगने पर उन्हें अलग-अलग बातें बताकर टाल दिया गया। उन्होंने 19 जून 2026 को बैंक में लिखित शिकायत भी दी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ और न ही उनकी जमा राशि वापस की गई।

पीड़ित ने आवेदन में आरोप लगाया है कि बैंक अधिकारियों द्वारा उनकी मेहनत की कमाई का गबन किया गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी जमा राशि वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच की प्रक्रिया में जुटी है।






