Saraikela (संजीव मेहता) : जमशेदपुर के कदमा क्षेत्र के निवासी अंजनी कुमार मिश्रा के बेटे लक्ष्य मिश्रा की बेंगलुरु में मणिपाल इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में हुई मौत का मामला अब राष्ट्रपति सचिवालय तक पहुंच चुका है. अंजनी मिश्रा ने अपने बेटे की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर एक याचिका दायर की थी, जिसे राष्ट्रपति सचिवालय ने उचित कार्रवाई के लिए संबंधित प्राधिकरण के पास भेज दिया है.

राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा 22 जून 2026 को जारी पत्र में बताया गया है कि 15 जून 2026 को राष्ट्रपति को संबोधित एक याचिका प्राप्त हुई थी. इस पत्र में यह उल्लेख किया गया है कि मामले की उचित जांच के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है. साथ ही, याचिकाकर्ता को कार्रवाई की जानकारी सीधे उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया है. लक्ष्य मिश्रा के पिता का आरोप है कि उनके बेटे ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसे कॉलेज के हॉस्टल में रैगिंग के दौरान हत्या कर नीचे फेंका गया. जबकि कॉलेज प्रशासन इसे आत्महत्या का मामला बता रहा है, परिवार इस दावे पर लगातार सवाल उठा रहा है.






