गिरिडीह : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को गिरिडीह के एमसीएच, चैताडीह में जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा जनसंख्या संतुलन अभियान-2026 की शुरुआत की गई। इस पहल का उद्देश्य सीमित परिवार, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और मातृ-शिशु कल्याण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है, ताकि समाज के समग्र विकास को गति मिल सके।
अभियान का शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, उप विकास आयुक्त अस्मृता कुमारी और सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने कहा कि जनसंख्या वृद्धि से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए नागरिकों की भागीदारी, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं और प्रभावी जनजागरण आवश्यक हैं। मौके पर विशेषज्ञों ने बताया कि संतुलित जनसंख्या से शिक्षा, रोजगार, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और आर्थिक प्रगति को मजबूती मिलती है।

लोगों से आधुनिक गर्भनिरोधक विकल्पों को अपनाने तथा महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील की गई। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, एएनएम, सहिया और अन्य स्वास्थ्य सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान, परामर्श शिविर और विशेष स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. प्रदीप बैठा, डॉ. संजना शर्मा, डॉ. रचना सहित अनेक चिकित्सक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।






