जमशेदपुर : करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच में विशेष जांच दल (एसआईटी) को अहम कामयाबी मिली है। टीम ने रविवार को राजस्थान से लौट रहे डीडी बार संचालक और भाजपा से जुड़े नीरज सिंह को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार, वे अपने पुत्र आदित्य के साथ खाटूश्यामजी के दर्शन कर वापस आ रहे थे।
सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए मंदिर क्षेत्र से पीछा किया और कुछ दूरी पर वाहन को रोककर कार्रवाई की। इसके बाद उनके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई। जांच एजेंसी सोमवार को नीरज सिंह को स्थानीय न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाने की प्रक्रिया पूरी करेगी। इसी प्रकरण में एसआईटी ने ओडिशा से डीडी बार के प्रबंधक विजय महानंद के अलावा अमित लोहार और लखिंदर को भी दबोच लिया है।

दोनों आपस में मामा-भांजा बताए जाते हैं। अब तक इस मामले में कुल नौ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि मुख्य संदिग्ध विश्वनाथ मंडल उर्फ वांदरा अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। नीरज सिंह की गिरफ्तारी के बाद उनकी अग्रिम जमानत याचिका स्वतः प्रभावहीन हो गई है। अब उन्हें पहले वह याचिका वापस लेकर नियमित जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाना होगा। वहीं उनकी पत्नी संध्या सिंह द्वारा जब्त वाहनों की रिहाई और तलाशी प्रक्रिया को लेकर दायर याचिकाओं पर न्यायिक विचार जारी है।






