जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत टीआरएफ कंपनी के समीप देर रात ट्रक चालक पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दिया। घटना 30 जून की रात करीब 1:30 बजे से 2:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, घायल चालक जय प्रकाश रजक, पश्चिम बंगाल के बीरग्राम का निवासी है और मुन्ना झा ट्रांसपोर्ट का ट्रक (नंबर OD 09 A 3243) चलाता है।
बताया गया कि रात के समय वह अपने वाहन के पास मौजूद था, तभी एक वाहन से तीन अज्ञात युवक पहुंचे। उनके पास चापड़ और पिस्टल जैसे हथियार थे। आरोप है कि बदमाशों ने चालक से मोबाइल फोन और नकदी की मांग की। जब जय प्रकाश रजक ने इसका विरोध किया और आत्मरक्षा का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में चालक के शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद चालक ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने की कोशिश की। इसी दौरान गश्ती पर निकली बर्मामाइंस थाना पुलिस की नजर घायल चालक पर पड़ी।

पुलिस ने तत्काल उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ट्रक चालक और ड्राइवर यूनियन के सदस्य बर्मामाइंस थाना पहुंचे। यूनियन की ओर से पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा रात के समय ट्रक चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।






