Saraikela (संजीव मेहता) : सोनारी क्षेत्र में पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया है. घटना के समय आसपास के लोग मौजूद थे, जिन्होंने तुरंत उसे बचाकर पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा है. युवक की पहचान अजय महतो के रूप में हुई है. बताया जा रहा है और वह पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद से परेशान चल रहा है. गुरुवार दोपहर को अचानक वह नदी किनारे आया और किसी से कुछ कहे बिना सीधे पानी में छलांग लगा दी.

जिसे देख लोग तुरंत उसकी मदद को पहुंचे और उसे नदी से बाहर निकाल लिया. गंभीर हालत में उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति स्थिर बताई है. पुलिस और स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक पिछले कुछ समय से घर के सदस्य और रिश्तेदारों के मनमुटाव की वजह से तनाव में था. इससे उसकी मानसिक स्थिति कमजोर हो गई थी और इसी प्रताड़ना के चलते उसने यह कदम उठाया है. पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए परिजनों से पूछताछ की है और आगे की जांच जारी है. अधिकारियों ने आग्रह किया है कि यदि कोई भी व्यक्ति तनाव, पारिवारिक विवाद या मानसिक परेशानी से जूझ रहा है, तो वह समय रहते परिवार या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से बात करें.



