दुमका : नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। उपराजधानी का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है। जिले के दुमका नगर परिषद और बासुकीनाथ नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के साथ-साथ वार्ड पार्षद पदों के लिए नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। कई इच्छुक उम्मीदवारों ने नाजिर रसीद कटवा ली है, हालांकि अधिकतर प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने के लिए शुभ समय का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि सोमवार से नामांकन केंद्रों पर भारी भीड़ उमड़ सकती है।

इस बीच वार्ड नंबर 8 से एक दिलचस्प मामला सामने आया है। राजीव मिश्रा और उनकी पत्नी मुन्नी देवी ने एक ही वार्ड से चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान कर राजनीतिक हलकों में चर्चा बढ़ा दी है। पति-पत्नी के आमने-सामने होने से इस वार्ड में मुकाबला खासा दिलचस्प माना जा रहा है।
गौरतलब है कि वर्ष 2018 के नगर निकाय चुनाव में भी यही वार्ड बेहद करीबी परिणाम के कारण सुर्खियों में रहा था। उस समय श्वेता मिश्रा ने मात्र एक मत के अंतर से जीत हासिल की थी। उन्हें कुल 224 मत मिले थे, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी विरेंद्र झा को 223 वोट प्राप्त हुए थे। ऐसे इतिहास के चलते इस बार भी वार्ड नंबर 8 पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।




