Saraikela (संजीव मेहता) :बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित साईं मंदिर के पास शनिवार को ट्रैफिक जांच के दौरान एक दंपति के गिरने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई. आरोप है कि जांच के दौरान पुलिस कर्मियों के अमानवीय व्यवहार और धक्का देने के कारण स्कूटी असंतुलित हो गई, जिसके चलते पीछे बैठी महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और मौके पर हंगामा खड़ा हो गया.
सूत्रों के अनुसार आदित्यपुर निवासी दंपति स्कूटी से सोनारी की ओर जा रहा था. पुलिस कर्मियों ने स्कूटी चालक को हेलमेट नहीं पहनने के कारण रोका. इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और दंपति का आरोप है कि पुलिस ने जबरदस्ती और धक्का-मुक्की की. इसी बीच संतुलन बिगड़ने से स्कूटी सड़क पर गिर गई और महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. कुछ ही मिनटों में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताई. लोगों ने पुलिस पर बदसलूकी और लापरवाही के आरोप लगाए हैं.

सूचना मिलते ही बिष्टुपुर ट्रैफिक प्रभारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराया.उन्होंने घायल महिला की पूरी जानकारी लेकर आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की गलती सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है, जिससे घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके. घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस उसके पति का भी बयान दर्ज कर रही है. घटना ने एक बार फिर ट्रैफिक जांच के दौरान पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि गलती किसकी थी—पुलिस की या दंपति की.




