जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक्सएलआरआई गोल चक्कर के पास सोमवार सुबह करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। रुंगटा से पाइप लोड कर डाल्टनगंज जा रहा एक टेलर गोल चक्कर के पास टर्निंग के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गया।
पलटते ही टेलर में लोड पाइप सामने खड़े एक अन्य टेलर पर जा गिरे और सड़क पर बिखर गए, जिससे दोनों टेलर आमने-सामने फंस गए और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे में टेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक चालक भागलपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से पलटे हुए टेलर को हटाया गया।

काफी मशक्कत के बाद सड़क पर फैले पाइप हटाकर आवागमन को सामान्य किया गया। पुलिस के अनुसार, रात के समय तेज रफ्तार के कारण टेलर टर्निंग के दौरान संतुलन खो बैठा और पलट गया। इसी दौरान टेलर में लोड पाइप दूसरे टेलर पर जा गिरे, जिससे यह गंभीर हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।




