सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध बालू खनन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा टास्क फोर्स का गठन भले ही कर दिया गया हो, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट दिखाई दे रही है। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जयप्रकाश उद्यान और सपड़ा बालू घाट में खुलेआम अवैध बालू का उत्खनन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जयप्रकाश उद्यान क्षेत्र में शर्मा नामक व्यक्तिऔर सपड़ा घाट में मंडल नामक व्यक्ति द्वारा 407 वाहनों और ट्रैक्टरों से सुबह 3:00 से रात्रि 11:00 तक लगातार बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन अनजान है या जानकर अनजान है यह लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा अवैध कारोबार सुबह 3 बजे से लेकर देर रात 11 बजे तक बिना किसी रुकावट के चलता है। जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध और लगातार की जा रही सख्ती के दावों के बावजूद बालू माफिया बेखौफ होकर सरकारी आदेशों को ठेंगा दिखा रहे हैं। सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ते वाहनों को देखकर साफ पता चलता है कि माफियाओं पर प्रशासन की कार्रवाई का कोई डर नहीं है।

स्थानीय नागरिकों में इस पूरी स्थिति को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब जिले में टास्क फोर्स सक्रिय है, तो फिर अवैध उत्खनन इतनी बेरोकटोक कैसे चल रहा है? कई लोग तो यह भी कहने लगे हैं— “काश! डीसी और एसपी साहब इधर भी एक नज़र डालते, तो शायद यह निर्भीकता इतनी नहीं बढ़ती।”यह अवैध खनन न सिर्फ राजस्व की भारी क्षति पहुंचा रहा है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान हो रहा है।वही पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने कार्रवाई करने और जिले के पदाधिकारी से बात करने की बात कही।





