Saraikela (संजीव मेहता) : झारखंड सरकार द्वारा विभिन्न सरकारी विभागों में स्वीकृत खाली पदों को समाप्त करने की कार्रवाई की जा रही है. बता दें कि विभिन्न सरकारी विभागों में हजारों पद रिक्त हैं. एक कर्मचारी को अपने कार्य के अतिरिक्त अन्य टेबुलों का भी काम करना पड़ता है. फिर भी कर्मचारियों की कमी के कारण कार्य लंबित पड़े हैं. सरकार द्वारा बार-बार खाली पदों पर भर्ती करने की घोषणाएं भी की जाती है.

परन्तु झारखण्ड सरकार द्वारा रिक्त पदों पर झारखंड के युवाओं को नियुक्ति करने के स्थान पर विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को ही समाप्त करने की कार्रवाई की जा रही है. इसका उदाहरण हाल में ही जलसंसाधन विभाग झारखण्ड के पत्र संख्या 5300 दिनांक 301025 द्वारा विभाग में रिक्त पदों को प्रत्यावर्तित (समाप्त)करने हेतु सभी मुख्य अभियंताओं से प्रस्ताव मांगा गया है. झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (त्रिपाठी गुट) सरकारी विभागों में रिक्त पदों को समाप्त करने की कार्रवाई का कड़ा विरोध करते हुए सरकार एवं मुख्य मंत्री से यह मांग करती है कि विभिन्न सरकारी विभागों में वर्ग 3 एवं वर्ग 4 के रिक्त पदों पर झारखंड के युवाओं को नौकरी दिया जाए ताकि कार्यरत कर्मचारियों को कार्य के अतिरिक्त बोझ से मुक्ति मिल सके तथा सरकारी विभागों में लंबित कार्यों का ससमय निष्पादन हो एवं झारखण्ड के हजारों बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिल सके. सरकार के द्वारा यदि स्वीकृत रिक्त पदों को समाप्त करने की कार्रवाई की जाती है तो राज्य महासंघ राज्यव्यापी उग्र आन्दोलन के लिए बाध्य होगा. उक्त मांग महासंघ के सम्मानित अध्यक्ष विमल कुमार सिंह, प्रांतीय सदस्य सचिव प्रणव शंकर ,जिला अध्यक्ष अंजनी कुमार सिन्हा, उपाध्यक्ष राजीव चौबे के द्वारा किया गया है.




