पटना : मोकामा के चर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड में शनिवार रात पुलिस ने कड़ा कदम उठाते हुए पूर्व विधायक और एनडीए प्रत्याशी अनंत सिंह को बाढ़ के कारगिल मार्केट इलाके से हिरासत में ले लिया। सूत्रों के अनुसार, उनके आत्मसमर्पण की चर्चा पहले से थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर दी। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा की अगुवाई में टीम ने अनंत सिंह के घर पर तलाशी अभियान चलाया।

गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इस घटनाक्रम से चुनावी हलचल तेज हो गई है। जांच में यह बात सामने आई कि हत्या की योजना में प्रभावशाली लोगों की भूमिका हो सकती है। इसी सिलसिले में अनंत सिंह का नाम भी सामने आया। गुरुवार को बसावनचक टाल के पास जनसुराज प्रत्याशी प्रियदर्शी पीयूष के करीबी दुलारचंद यादव की गोली मारकर और वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। घटना के दौरान दोनों पक्षों के समर्थक अपने-अपने काफिलों के साथ आमने-सामने आए थे। रातभर मोकामा और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा ताकि तनावपूर्ण स्थिति न बने। फिलहाल प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है और आगे की जांच जारी है।




