बोकारो : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने पुलिस लाइन में प्रस्तावित योजनाओं के प्रगति कार्य की समीक्षा किया। मौके पर पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता श्री अमृत टोप्पनो, सर्जेंट मेजर श्री प्रणव कुमार तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
21 अक्टूबरः पुलिस संस्मरण दिवस के पूर्व शहीद बेदी का करें सौंदर्यीकरण – बैठक में उपायुक्त ने कहा कि आगामी 21 अक्टूबर को पुलिस संस्मरण दिवस मनाया जाएगा, इसलिए पुलिस लाइन परिसर में स्थित शहीद बेदी का सौंदर्यीकरण कार्य उससे पूर्व हर हाल में पूरा करें। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल को कहा कि यह स्थल जिले के पुलिस बल की वीरता, अनुशासन और शहादत का प्रतीक है, अतः इसे भव्य एवं गरिमामय स्वरूप में तैयार किया जाए। उन्होंने स्थल निरीक्षण कर सौंदर्यीकरण का प्रारूप बुधवार को समर्पित करने का निर्देश दिया।

पुलिस लाइन में शौचालय निर्माण कार्य जल्द शुरू करें – उपायुक्त ने पुलिस लाइन में शौचालय निर्माण कार्य को अविलंब शुरू करने को कहा। इस पर कार्यपालक अभियंता ने बताया कि निर्माण कार्य को लेकर सभी प्रक्रिया पूरा कर ली गई है। कल से निर्माण कार्य शुरू होगा।
पुलिस लाइन परिसर का रखरखाव जिले की गरिमा से जुड़ा – उपायुक्त ने कहा कि पुलिस लाइन न केवल कार्यस्थल है, बल्कि अनुशासन और सेवा का प्रतीक स्थल है। अतः परिसर में स्वच्छता, हरियाली एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि संस्मरण दिवस के अवसर पर यह परिसर जिले के गौरव का प्रतीक बने।




