जमशेदपुर (संजीव मेहता) : एनआईटी जमशेदपुर में अगले 15 दिनों तक सारा कामकाज हिंदी में सम्पन्न होगा. शनिवार की शाम संस्थान में हिंदी दिवस के पूर्व संध्या पर हिंदी पखवाड़ा 2025 का शुभारंभ हुआ है. राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जमशेदपुर ने इस वर्ष 12 से 30 सितम्बर, 2025 तक हिंदी पखवाड़ा मनाने का निर्णय लिया है.
इस बार के हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत संस्थान में विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जो कर्मचारियों और विद्यार्थियों दोनों के लिए आयोजित की गई है. उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में सत्यनारायण नंदा, वरिष्ठ अधिकारी, टाटा स्टील ने अपनी उपस्थिति और विचारों से संस्थान को गौरवान्वित किया. इस अवसर पर हिन्दी में टिप्पणी एवं आलेखन और टंकण प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है, जो कर्मचारियों को राजभाषा हिन्दी के उपयोग के प्रति प्रोत्साहित करेंगी. विद्यार्थियों के लिए भी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है, जो हिंदी के प्रति उनकी अभिरुचि को बढ़ावा देंगी.

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) गौतम सूत्रधर ने कहा की “हमारी आशा है कि इस आयोजन से हिंदी पखवाड़ा का महत्व बढ़ेगा और सभी को अपने नियमित कार्यों में हिंदी के उपयोग के लिए प्रेरणा मिलेगी. कार्यक्रम में संस्थान के उपनिदेशक डॉ राम विनय शर्मा, कुलसचिव कर्नल निशिथ कुमार राय के साथ शिक्षक, छात्र- छात्राएं एवं कर्मचारीयों की उपस्थिति रही..समारोह का आयोजन एवं संचालन प्रो. निरंजन कुमार, अध्यक्ष हिंदी समिति द्वारा किया जा रहा है. इस आशय की जानकारी संस्थान के उप कुलसचिव सह मीडिया प्रभारी सुनील कुमार भगत ने दी है.





