जमशेदपुर : पूरे देश भर में शहरी स्वच्छता के स्वच्छता सर्वेक्षण रैंकिंग में जमशेदपुर ने देश के स्वच्छ शहरों में तीसरा स्थान प्राप्त कर शहर के साथ झारखंड को गौरांवित किया है।वहीं वर्ष 2019 से झारखंड में पहले स्थान पर लगातार कायम है। वहीं जमशेदपुर को फाइव स्टार रेटिंग और वाटर प्लस शहरों की सूची में भी जगह प्राप्त की है।जमशेदपुर ने कुल 12, 500 अंकों में शानदार 11,588 अंक प्राप्त किया और पूर्व में हासिल 43वें स्थान से छलांग लगाकर पूरे देश में तीसरे स्थान पर आकर शानदार उपलब्धि हासिल की है जिसे महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों विज्ञान भवन में सम्मान मिला है।

वही इस खुशी के मौके पर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार के जमशेदपुर पहुंचने पर ढोल, नगाड़ों और अबीर गुलाल के साथ उनका स्वागत किया गया।इस अवसर पर कृष्ण कुमार ने सफाई कर्मियों और वहां मौजूद शहर वासियों के बीच लड्डू वितरण किए।अपने खुशी के क्षण को पत्रकारों के बीच इजहार करते हुए कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण जमशेदपुर में 2016 से शुरू हुआ। इस वर्ष पूरे देश से 4,559 शहरों ने भाग लिया। इसे लेकर भारत सरकार की टीम के द्वारा जमशेदपुर में 42 दिनों तक पूरे शहर का सर्वेक्षण एवं आकलन किया गया। साथ ही फाइव स्टार रेटिंग के लिए भी अलग से टीम आई हुई थी।उन्होंने कहा कि पूरे भारतवर्ष में तीसरा स्थान मिलने पर राष्ट्रपति महोदया द्रौपदी मुर्मू के हाथों जो सम्मान मिला, उसको हम व्यक्त नहीं कर सकते हैं। जुस्को एवं जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति ने साथ मिलकर दिन-रात काम किया है और इसमें सबसे बड़ी भूमिका स्वच्छता कर्मियों की है। उन्होंने कहा कि JNAC आगे भी योजना बना रही हैं कि कैसे जमशेदपुर को पूरे देश भर में नंबर वन में लाएं।




