रांची : झारखंड के जामताड़ा जिले से एक बार फिर साइबर अपराध का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के गायछांद इलाके में बुधवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए दो शातिर ठगों को 25.20 लाख रुपये नकद और ठगी में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एसपी राजकुमार मेहता के निर्देश पर थाना प्रभारी मनोज महतो के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।

गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान प्रदीप मंडल (24), निवासी ताराबहाल, और रघुवीर मंडल (26), निवासी काशीटांड़, दोनों थाना करमाटांड़, के रूप में हुई है, जो वर्तमान में गायछांद में रह रहे थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये लोग लोगों को कॉल कर उनके बैंक खातों को सक्रिय रखने या पहचान सत्यापन के नाम पर मोबाइल में एक विशेष एप्लिकेशन डाउनलोड करवाते थे। जैसे ही पीड़ित वह एप डाउनलोड करता, आरोपी उसे रिमोट एक्सेस से संचालित कर खाते की पूरी जानकारी प्राप्त कर लेते और रकम निकाल लेते थे। इनकी गिरफ्तारी के साथ ही साइबर गिरोह के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। जांच आगे जारी है।




