रांची : जमुई-मलयपुर मार्ग पर स्थित एक निजी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सूर्यनंदन सिंह को 4 जून को एक अपरिचित नंबर से कॉल कर 20 लाख रुपये की मांग की गई। फोन करने वाले ने खुद को देवघर जेल में बंद परिहार गिरोह से जुड़ा बताया और धमकी दी कि यदि राशि नहीं दी गई या पुलिस को जानकारी दी गई तो जान से मार देंगे। यह कॉल दोपहर लगभग 2 बजे आया था।

डॉ. सिंह इस धमकी से काफी भयभीत हो गए और तुरंत जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी को इस बारे में बताया। जब उन्होंने दोबारा उसी नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। फिर 9 जून को लगभग 12:45 बजे उसी नंबर से दोबारा कॉल आई। पहली बार डॉक्टर ने कॉल नहीं उठाया, लेकिन दूसरी बार जब फिर से फोन आया तो वे घबरा गए। इसके बाद उन्होंने फिर से उच्च पदस्थ पुलिस अधिकारी को सूचित किया। उन्हें नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। डॉक्टर ने 10 जून की सुबह जमुई सदर थाना में लिखित सूचना दी और जानमाल की हिफाजत के लिए पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने का आग्रह किया।




