सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिला उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध अभियान चलाते हुए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उपायुक्त के निर्देशानुसार दिनांक 31 मई 2025 को जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति के टीम ने ईचागढ़ थाना क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध बालू भंडारण और परिवहन को लेकर मिली शिकायतों के आधार पर की गई।

निरीक्षण के दौरान खनन विभाग की टीम ने तीन अलग-अलग स्थानों से अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया। यह कार्रवाई स्थानीय पुलिस बल के सहयोग से की गई, जिससे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। जिला खनन विभाग ने साफ किया है कि अवैध खनन और परिवहन पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जब्त किए गए वाहनों के विरुद्ध खनन अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। खनन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि वे इस तरह की किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी रखें तो संबंधित विभाग को सूचित करें।




