जमशेदपुर : भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी ने मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के 25वें उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में निवर्तमान उपायुक्त अनन्य मित्तल ने फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया जिसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें पदभार सौंपा।

इस अवसर पर जिला के उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक आईटीडीए, एसडीएम धालभूम, एडीसी व अन्य वरीय पदाधिकारीगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहे। नव पदस्थापित उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी धनबाद के रहने वाले है। वे इससे पूर्व गुमला के उपायुक्त के रूप में पदस्थापित हुए। पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने जिले के समग्र विकास, जनहित में सुशासन, तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता राज्य सरकार की प्राथमिकताओं, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जिला में क्रियान्वित किया जाएगा। सुनिश्चित किया जाएगा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सभी के सहयोग से नई ऊर्जा और संकल्प के साथ जिला के विकास कार्यों को नई दिशा के साथ और गति दी जाएगी। वहीं इस अवसर पर निवर्तमान उपायुक्त अनन्य मित्तल ने जिले में अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया तथा नव नियुक्त उपायुक्त सत्यार्थी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम जिला विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। लोकसभा एवं विधानसभा निर्वाचन के शांतिपूर्ण एवं सफल समापन में जिला के नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि, सभी पदाधिकारी व कर्मी के सहयोग की सराहना की।




