रांची : झारखंड बिहार में आने वाले कुछ दिनों तक मौसम में लगातार परिवर्तन बना रहेगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 17 से 23 मई तक कई क्षेत्रों में बादलों की गरज, हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं धूल भरी हवाएं देखने को मिल सकती हैं। कुछ स्थानों पर ओले गिरने की आशंका भी जताई गई है।

अगले दो दिन तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद पारा 2-3 डिग्री तक गिर सकता है। 17 और 18 मई को प्रदेश के अधिकांश भागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। पूर्वी झारखंड में गर्मी और उमस बनी रहेगी। तेज हवाएं 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। 19 से 21 मई के बीच राज्य के कई क्षेत्रों में तेज गर्जना और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम ठंडा और बादलों से ढका रह सकता है। 22 और 23 मई को भी कई स्थानों पर वर्षा का अनुमान है। विभाग ने नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है।




