दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में वीरगति को प्राप्त हुए शुभम द्विवेदी के परिजनों ने भारत सरकार और सशस्त्र बलों के प्रयासों की सराहना की है। 13 दिन बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद 9 आतंकी अड्डों को निशाना बनाकर सटीक हवाई कार्रवाई की, जिसे प्रतिशोधात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है।

शुभम की पत्नी ऐशान्या ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आभारी हैं जिन्होंने इस कायराना हमले का ठोस जवाब दिया। उन्होंने इसे अपने पति की शहादत को सम्मान देने वाला कदम बताया और कहा कि यह उनके लिए मानसिक सुकून का क्षण है। उनका कहना था कि उन्हें नेतृत्व पर विश्वास था और अब वह विश्वास और भी मजबूत हुआ है। शुभम के पिता संजय द्विवेदी ने कहा कि वह देश की सेना को नमन करते हैं और राष्ट्र की भावनाओं को समझने के लिए प्रधानमंत्री का अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि इस कदम से उनका पारिवारिक दुख कुछ हद तक कम हुआ है और अब उन्हें अपने बेटे के बलिदान पर गर्व है। देशभर में इस ऑपरेशन की भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है।




