सारायकेला : चांडिल वन क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती गतिविधियां ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। नीमडीह थाना क्षेत्र के दुमदुमी गांव में बीते दो रातों से जंगली हाथियों का झुंड उत्पात मचा रहा है। रविवार को इन हाथियों ने घरों में रखा अनाज खा लिया, वहीं सोमवार को एक मकान को नुकसान पहुंचाकर चावल की बोरियां फाड़ दीं। इस समूह में करीब 15 हाथी हैं, जिनमें छोटे-बड़े सभी शामिल हैं।

वे तिल्ला पंचायत के कई इलाकों में बंटकर भोजन की तलाश में घूम रहे हैं। लोगों के दिखाई देने पर वे आक्रामक हो जाते हैं, जिससे ग्रामीण घायल हो रहे हैं। दुमदुमी निवासी बनू महतो और दलगोविंद महतो के घरों को नुकसान पहुंचा है। जहां एक तरफ अनाज चट कर गए, वहीं दूसरी ओर घर के बर्तन तक तोड़ डाले। दोनों परिवारों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। ग्राम प्रधान बर्द्धनाथ महतो ने वन विभाग पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्षों से हाथी क्षेत्र में मौजूद हैं क्योंकि जंगलों में भोजन की कमी है। उन्होंने सरकारी फंड के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया। वन विभाग ने स्थिति की जांच कर लोगों को सतर्क रहने को कहा है और शाम ढलते ही घर में रहने की सलाह दी है।




