दिल्ली (प्रतीक सिंह) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क से फोन पर बात की। इस वार्ता में दोनों नेताओं ने विज्ञान, तकनीकी विकास और नवाचार में सहयोग को लेकर चर्चा की। यह बातचीत प्रधानमंत्री की वॉशिंगटन यात्रा के दौरान मस्क से हुई मुलाकात के सिलसिले को आगे बढ़ाने के तहत हुई।

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर भारत और अमेरिका के बीच विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र में मिलकर काम करने की संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत इन क्षेत्रों में संयुक्त प्रयासों को बढ़ाने को लेकर पूरी तरह समर्पित है। बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि एलन मस्क से चर्चा की, जिसमें हमने पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों समेत कई विषयों को लेकर विचार साझा किया। दोनों पक्षों ने तकनीकी उन्नति और रचनात्मक सोच के क्षेत्र में सहयोग की बड़ी संभावनाओं पर विचार किया।




