बिहार :सासाराम के धौडाढ थाना क्षेत्र में स्थित संत अन्ना हाई स्कूल में मैट्रिक परीक्षा के दौरान हिंसक झड़प में एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का कारण परीक्षा में नकल कराने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। मृत छात्र की पहचान शंभू बिगहा गांव निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल छात्र संजीत कुमार का अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परीक्षा के दौरान एक गुट ने दूसरे से उत्तर पुस्तिका साझा करने की मांग की, जिसे नकारने पर विवाद बढ़ गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद आरोपित छात्रों ने बाहर बुलाकर धमकाने का प्रयास किया, जिसके बाद झगड़ा हिंसक हो गया और गोलीबारी हुई। 
घटना के बाद दोनों छात्रों को नारायण मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां अमित कुमार की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि संजीत की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने हथियार के साथ एक नाबालिग को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने अमित के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।




