रांची : आज रांची के एक प्रतिष्ठित होटल में सड़क सुरक्षा को लेकर राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ शामिल हुए। इसके अलावा परिवहन सचिव कृपानंद झा, एडीजी संजय ए. लाटेकर, ज्वाइंट सेक्रेटरी प्रदीप कुमार, परिवहन विभाग के अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए एमसीआई और पुलिस के आला अधिकारी समेत कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सेमिनार में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गहन चर्चा की गई। परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि, सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि बच्चों के सिलेबस में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को शामिल किया जाएगा, ताकि भविष्य में वे इन नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा कर सकें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मोटर वाहन निरीक्षकों (एमवीआई) को जल्दबाजी में किसी को भी लाइसेंस जारी नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। परिवहन सचिव कृपानंद झा ने झारखंड में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाने पर जोर दिया और विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान विशेषज्ञों ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तकनीकी सुधार, कठोर नियमों का पालन और जन-जागरूकता अभियानों को बढ़ाने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में परिवहन मंत्री ने कहा कि इस सेमिनार में प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों को सरकार गंभीरता से लेगी और उन्हें धरातल पर उतारने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।




