रांची : झारखंड के नामकुम में जेएसएससी (झारखंड कर्मचारी चयन आयोग) कार्यालय के घेराव के लिए जा रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। छात्रों का आरोप है कि CGL परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन होने के बावजूद परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया, जिससे छात्रों में आक्रोश है। छात्र इस परीक्षा को रद्द करने और मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। आज जेएसएससी कार्यालय में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया चल रही थी, जबकि दूसरी ओर सैकड़ों छात्र महाघेराव के लिए जुटने लगे। इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया और कई स्थानों पर बल प्रयोग किया।

घटनास्थल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर सीएम हाउस, राजभवन, सचिवालय और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। छात्रों का कहना है कि परीक्षा में धांधली से उनकी मेहनत और भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। वहीं प्रशासन ने इस प्रदर्शन को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस का दावा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया। छात्रों और प्रशासन के बीच इस टकराव ने राज्य में शिक्षा और भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




