सरायकेला : सरायकेला विधानसभा क्षेत्र इन दिनों झारखंड के सबसे हॉट सीट बना हुआ है। सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक स्थिति ने एक दिलचस्प मोड़ ले लिया है। चुनावी माहौल में चंपई सोरेन और गणेश महाली के बीच की उठापटक ने जनता को कन्फ्यूज कर दिया है। चंपई सोरेन, जो कल तक बीजेपी के खिलाफ बयानबाजी कर रहे थे, आज उसी पार्टी के लिए वोट मांग रहे हैं। दूसरी तरफ, गणेश महाली, जो पहले बीजेपी का समर्थन कर रहे थे, अब झामुमो के टिकट पर चुनाव लड़ रहे है और प्रचार कर रहे हैं। इस अचानक हुए राजनीतिक बदलाव ने न केवल पार्टी के भीतर बल्कि आम जनता के बीच भी भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है। चंपई को बीजेपी ने टिकट दिया है, जबकि गणेश महाली को झामुमो ने अपना उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में, दोनों नेता एक-दूसरे के खिलाफ कड़ी बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि उनके समर्थक आपस में भिड़ रहे हैं।

इस पूरे घटनाक्रम से क्षेत्र की राजनीति में एक नई मोड आ गई है। लेकिन जनता के लिए यह एक दुविधा बन गई है। वे नहीं समझ पा रहे हैं कि किस पार्टी का समर्थन करें। भाजपा और झामुमो के कार्यकर्ता भी आपस में टकरा रहे हैं, जिससे स्थिति और भी जटिल हो गई है। चुनाव के इस समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता किसे अपना समर्थन देती है। क्या वे पुराने वादों को याद करेंगे या वर्तमान की स्थिति को देखते हुए नया चुनावी निर्णय लेंगे? यह सरायकेला विधानसभा की सीट , राजनीति के लिए एक निर्णायक पल हो सकता है।




