रांची : रांची के रिम्स अस्पताल के हॉस्टल नंबर-4 में एक दर्दनाक घटना घटी, जहां पीजी सेकंड ईयर के छात्र डॉक्टर आकाश ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उनकी मौत हो गई। उनके साथ एक महिला भी कूदी, जो गंभीर रूप से घायल है और रिम्स में इलाजरत है। डॉक्टरों ने बताया कि एमआरआई के बाद महिला खतरे से बाहर है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल में हलचल मच गई। जूनियर डॉक्टर तुरंत दोनों को इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां आकाश की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें सीपीआर दिया गया, लेकिन इलाज के बाद उनकी मृत्यु हो गई।

घायल महिला को आकाश की मौत की जानकारी नहीं दी गई और वह लगातार उन्हें पुकारती रही। हॉस्टल में मौजूद डॉक्टरों ने बताया कि छलांग लगाने वाली महिला रिम्स की नहीं है, और उसके बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई। घटना के बाद देर रात तक जूनियर डॉक्टर और पुलिस मौके पर मौजूद रहे, जबकि रिम्स के वरिष्ठ अधिकारी वहां नहीं पहुंचे। मामले की जांच जारी है।





