जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए सभी 81 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र, जो भाजपा का गढ़ माना जाता है, पर विशेष ध्यान केंद्रित था। इस सीट से भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास की पुत्रवधू, पूर्णिमा दास को उम्मीदवार घोषित किया है। यह घोषणा होते ही एग्रिको स्थित उनके आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा लग गया। सभी उन्हें बधाई देने के लिए पहुंचे। इस मौके पर रघुवर दास की पत्नी रुक्मिणी दास और उनके बेटे ललित दास भी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि रघुवर दास ने इस क्षेत्र से पांच बार विधायक के रूप में सेवा दी है, लेकिन 2019 में सरयू राय ने उन्हें निर्दलीय चुनाव में पराजित किया था। इसके बाद से भाजपा के लिए यह सीट चुनौतीपूर्ण बनी रही।

पूर्णिमा दास ने टिकट मिलने पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाएंगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता से समर्थन और आशीर्वाद की अपील की। पूर्णिमा की उम्मीदवारी से भाजपा के कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह देखा जा रहा है, जो इस बार चुनावी मुकाबले को रोचक बना रहा है।





