सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिला के कुचाई थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. जहां वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक और नाबालिग को चोरी के मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने वाहन जांच के क्रम में युवक के पास से देसी कट्टा भी बरामद किया है.

इसकी जानकारी मंगलवार को एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया कि वाहन जांच के दौरान युवक को रोका गया तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया. युवक का नाम मंगल सिंह मुंडा उर्फ चौड़े है, जबकि उसका साथी नाबालिग है. पूछताछ के क्रम में पाया गया कि मोटरसाइकिल चोरी की है जबकि उसके पास से एक चोरी का ट्रैक्टर भी बरामद किया गया है. फिलहाल पूछताछ के बाद युवक को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. जबकि नाबालिग को रिमांड होम भेजा जा रहा है.






