रामगढ़ : रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में 26 नवंबर को हुई विदेशी करेंसी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेते हुए उनके पास से विदेशी करेंशी बरामद कर ली है। इस मामले की जानकारी रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने प्रेस वार्ता कर दी।
रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चीतरपुर निवासी वालिदा तबस्सुम के घर से 26 नवंबर की देर रात चोरों ने विदेशी करेंसी— रियाल और दिनार— चोरी कर ली थी। इन करेंसी की कुल बाजार कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई थी।अगली सुबह जब वालिदा तबस्सुम के भाई ने घर का ताला टूटा देखा तो तुरंत इसकी लिखित सूचना रजरप्पा थाना को दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ एसडीपीओ परमेश्वर कुमार तथा रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।टीम ने लगातार छापेमारी और निगरानी अभियान चलाया। इसी क्रम में 2 दिसंबर को रजरप्पा थाना मोड़ के समीप वाहन चेकिंग अभियान के दौरान दो संदिग्धों को रोका गया। तलाशी में दोनों के पास से वही विदेशी करेंसी— रियाल और दिनार— बरामद की गई, जो वालिदा तबस्सुम के घर से चोरी हुई थी।






