जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो नगर निगम की टीम सोमवार को आजाद नगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी में प्लास्टिक प्रतिबंध की जांच करने पहुंची। टीम के आते ही दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने अचानक विरोध शुरू कर दिया। दुकान-दर-दुकान जांच और संभावित जब्ती कार्रवाई को लेकर लोग उत्तेजित हो उठे।
दुकानदारों का कहना था कि निगम बिना पूर्व सूचना, जागरूकता अभियान और वैकल्पिक व्यवस्था के सीधे कार्रवाई कर रहा है, जो उचित नहीं है। उनका आरोप था कि निगम ने न तो कोई बैठक की और न ही यह स्पष्ट किया कि किन प्रकार के प्लास्टिक पर प्रतिबंध लागू है और उनके विकल्प क्या होंगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि गरीब कॉलोनी में अधिकांश लोग छोटे पैमाने पर कारोबार करते हैं, जहां प्लास्टिक पैकिंग का सबसे किफायती साधन है। अचानक की गई कार्रवाई से उनकी रोज़ी-रोटी प्रभावित हो सकती है।

विरोध बढ़ने पर वहां माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया। नारेबाजी के बीच दुकानदारों ने कार्रवाई रोकने की मांग की, जिसके बाद स्थिति बिगड़ते देख नगर निगम की टीम को जांच अधूरी छोड़कर वापस लौटना पड़ा। सूचना पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। यह मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। लोग अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर अपनी राय दे रहे हैं। यह घटना फिर संकेत देती है कि किसी भी सरकारी प्रतिबंध या अभियान को लागू करने से पहले संवाद, जागरूकता और विकल्प उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।





