जामताड़ा : अवैध शराब तस्करी के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने एक महत्वपूर्ण एवं सफल अभियान चलाया। इस संबंध में जामताड़ा एसपी राजकुमार मेहता ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्हें गोविंदपुर की ओर से एक DCM गाड़ी (WB-51C-5752) के माध्यम से भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब को बिहार भेजे जाने की गुप्त सूचना मिली थी, जिसे दो चार-चक्का वाहन स्कॉर्ट कर रहे थे।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।टीम ने 30 नवंबर 2025 को पाण्डेयडीह मोड़ स्थित गोविंदपुर–साहेबगंज मुख्य मार्ग पर जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान DCM को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें कुरकुरे की बोरी के पीछे छिपाकर रखी गई 210 पेटी नकली विदेशी शराब ROYAL STAGE तथा 78 गैलन स्पिरिट (3120 लीटर) बरामद की गई। इसके अलावा स्कॉर्ट कर रहे Hundai Aura (JH09-AW-1734) से 08 पेटी और Maruti Swift (JH10-DC-4782) से 07 पेटी शराब मिली। कुल 225 पेटियों में 5400 बोतलें (2025 लीटर) नकली शराब पाई गई।

जब्त शराब का झारखंड में सरकारी मूल्य लगभग 15.95 लाख रुपये, जबकि बिहार में इसका अनुमानित मूल्य 45 लाख रुपये है। पुलिस ने मौके से चार तस्करों— दारा सिंह, चंदर मंडल, मो. रहीम अंसारी और संतोष पासवान— को गिरफ्तार किया। उनके पास से तीन वाहन, सात मोबाइल फोन, 33 हजार रुपये नकद तथा आधार व पैन कार्ड सहित कई दस्तावेज जब्त किए गए। एसपी मेहता ने बताया कि छापेमारी दल में एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक, नारायणपुर थाना पुलिस और तकनीकी शाखा के जवान शामिल थे। सभी अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है।






