गिरिडीह : गिरिडीह पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो चोरी और साइबर ठगी में शामिल अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पटना से खरीदी गई स्कॉर्पियो गाड़ी गिरिडीह–गांडेय रोड के रास्ते जमालगंज ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर क्राइम गिरिडीह और गांडेय थाना की संयुक्त टीम ने अभियान चलाते हुए संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
जांच में पता चला कि यह वाहन साइबर अपराधियों का नेटवर्क चला रहे गिरोह द्वारा खरीदा गया था। गिरफ्तार अपराधी व्हाट्सऐप पर फर्जी RTO Challan.apk और E-Challan.apk भेजकर लोगों के मोबाइल में KYC अपडेट के नाम पर लिंक इंस्टॉल करवाते थे। लिंक इंस्टॉल होते ही वे पीड़ितों के मोबाइल और बैंक खातों को अपने नियंत्रण में लेकर रकम उड़ा देते थे। साइबर फ्रॉड से अर्जित पैसे से यह गिरोह वाहन और अन्य सामान खरीदकर विभिन्न राज्यों में खपाता था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि गिरोह का एक सदस्य मौके से फरार हो गया। सभी अभियुक्त बिहार और गिरिडीह के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दस मोबाइल फोन, चौदह सिम कार्ड और चोरी की स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि साइबर थाना गिरिडीह में दर्ज केस संख्या 39/2025 के आधार पर यह संयुक्त कार्रवाई की गई।इस पूरे अभियान में पुलिस उपाधीक्षक साइबर क्राइम आब्दिद हुसैन, साइबर थाना प्रभारी विनीता राकेश भगत, गांडेय थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह, सहित कई पुलिस कर्मी शामिल थे




